
श्रीमद् भागवत कथा के आध्यात्मिक महोत्सव के द्वितीय दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।*
*प्रथम दिवस निकली कलश यात्रा*
खुरई। नगर के ऐतिहासिक किला गेट स्थित श्री देव मुरलीधर मंदिर प्रायाण में इन दिनों श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रथम दिन कलश यात्रा निकाली,जय मां अम्बे महिला मंडल द्वारा आयोजित इस 7 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव के द्वितीय दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कथा के दूसरे दिन श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित रामविशाल शास्त्री जी ने अपनी ओजस्वी वाणी से भक्तों को भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराया। शास्त्री जी ने जीवन में भक्ति और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मात्र ही मनुष्य के दुखों का हरण कर उसे मोक्ष की ओर ले जाता है। भजनों की मधुर धुनों पर भक्तजन स्वयं को थिरकने से न रोक सके और पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।आयोजक समिति ‘जय मां अम्बे महिला मंडल’ की सदस्यों ने बताया कि यह दिव्य कथा 7 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगी। कथा का समापन पूर्णाहूति के साथ होगा,जिसके पश्चात 9 जनवरी को विशाल प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महिला मंडल ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। स्थानीय नागरिकों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
