अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेगी सागर की आस्था, थाईलैंड में प्रदर्शन का अवसर
सागर | सागर की उभरती हुई कथक नृत्यांगना आस्था गुप्ता ने अपने नृत्य कौशल से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय कर लिया है। उन्हें अक्टूबर 2025 में थाईलैंड में होने वाली इंटरनेशनल पर्फामिंग आर्ट काम्पटीशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित किया गया है। यह उपलब्धि उन्हें पुणे में आयोजित 21वीं कल्चरल फॉर्म ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट में शानदार प्रदर्शन के बाद मिली, जिसे अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित किया गया था।
पुणे में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिला चौथा स्थान
21 मई से 1 जून 2025 तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन में आस्था ने 31 मई को अपनी कथक प्रस्तुति दी और चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें थाईलैंड के लिए चुना गया।
पहले भी दिखा चुकी हैं हुनर
यह पहली बार नहीं है जब आस्था गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई हो। उन्होंने नवंबर 2024 में ‘कालपर्व फेस्टिवल’ में तीसरा स्थान प्राप्त किया था, जो “नृत्य दर्पण डांस एकेडमी” द्वारा आयोजित हुआ था। इसके अतिरिक्त, फरवरी 2024 में खजुराहो में आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्यक्रम में भी उन्होंने अपनी कथक प्रस्तुति दी थी।
आस्था ने तीसरी कक्षा से ही कथक सीखना शुरू कर दिया था। उन्होंने सागर से कथक में छह साल का डिप्लोमा पूरा किया है। इसके बाद उन्होंने खैरागढ़ छत्तीसगढ़ से बीपीए की डिग्री प्राप्त की और अब वहीं से एमपीए कर रही हैं। वे दीपा और संतोष गुप्ता की पुत्री हैं।
सागर और मध्यप्रदेश को गर्व
थाईलैंड जैसे बड़े मंच पर प्रस्तुति का अवसर केवल आस्था के लिए नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर और मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता निश्चित ही अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी कि वे अपनी कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला सकते हैं।