
कृषि रथ को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिखाई हरी झंडी
“ सशक्त किसान बनेगा भारत की पहचान” : गोविंद सिंह राजपूत
सागर। किसानों को शासन की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विशेष कृषि रथ अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत 16 मई से 30 मई तक कृषि रथ ब्लॉक एवं गांव स्तर तक पहुंचकर किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि विभाग की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। अभियान का शुभारंभ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने कृषि विभाग की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सशक्त किसान भारत की असली पहचान बनेगा। किसानों को योजनाओं की सही जानकारी मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे शासन की सुविधाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ा सकें।” उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक करें और उन्हें आधुनिक खेती, उन्नत बीज, सिंचाई योजनाओं तथा कृषि अनुदान संबंधी जानकारी दें।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिससे कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है और कृषि क्षेत्र को नई तकनीकों एवं योजनाओं के माध्यम से मजबूत करना है। कृषि रथ अभियान किसानों को जागरूक करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कृषि विभाग के उपसंचालक राजेश त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में किसानों को कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों की नवीनतम तकनीकी जानकारी एवं योजनाओं से जोड़ने हेतु खरीफ की तैयारी हेतु सागर जिले में कृषि रथ का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले की सात विधानसभाओं के अंतर्गत कुल 11 विकासखंडों में कृषि रथ का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक दिन लगभग तीन से चार पंचायत में भ्रमण कर कृषि रथ के माध्यम से संबद्ध विभागों की जानकारी कृषकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
