
कुलाधिपति ने राजकीय विश्विद्यालय में नियुक्त किए संकायाध्यक्ष
छः डीन नियुक्त होने पर अकादमिक कार्यों में आयेगी गति
सागर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल तथा प्रदेश के समस्त शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति द्वारा रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में छः संकायाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। राज्यपाल के उपसचिव द्वारा 19 जून 2026 को जारी पत्रों के माध्यम से मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 की धारा 27 की उपधारा 4 के प्रथम प्रावधान अन्तर्गत कला संकाय का डीन डॉ. विनय कुमार शर्मा (प्राध्यापक- अंग्रेजी) शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर (समाज विज्ञान संकाय का डॉ. नवीन कुमार गिडियन (प्राध्यापक- इतिहास) शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर (विज्ञान संकाय का डॉ. आलोक कुमार जैन (प्राध्यापक- भौतिकी) ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दमोह (जीवविज्ञान संकाय का डॉ. गोपा जैन (प्राध्यापक- प्राणीशास्त्र) शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर( वाणिज्य- संकाय का डॉ. सुभाष कुमार अग्रवाल (प्राध्यापक-वाणिज्य) शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दमोह तथा गृह विज्ञान संकाय का डॉ. पद्मा आचार्य (प्राध्यापक-गृह विज्ञान) शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय सागर को संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रावधान अनुसार सभी संकायाध्यक्षों की नियुक्ति दो वर्ष के लिए की गई है। कुलगुरू प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने विश्वविद्यालय में डीन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि इन सभी का सक्रिय सहयोग विश्वविद्यालय के अकादमिक उन्नयन के लिए परिणाम मूलक साबित रहेगा। कुलसचिव प्रो. शक्ति जैन ने सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि सभी नियुक्त डीन विश्वविद्यालय को श्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थान बनाने में अपना योगदान देंगे।
