
आगामी 8 जनवरी को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव खुरई की विशेष परंपरा से ऐतिहासिक स्वागत होगा:पूर्व गृहमंत्री विधायक भूपेन्द्र सिंह
फूल मालाओं की जगह शिक्षण सामग्री,कंबलों से स्वागत कराया,एकत्रित सामग्री स्कूली बच्चों और गरीबों में बांट दी
खुरई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव जी के आगामी 8 जनवरी का खुरई दौरा लगभग साढ़े तीन घंटे का होगा जिसमें उनका एतिहासिक स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेलीपेड से नेहरू स्टेडियम स्थित सभास्थल तक रैली के रूप में पहुंचेंगे। यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री,खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डा यादव के खुरई आगमन की तैयारियों हेतु आयोजित बैठकों में दी। पूर्व गृहमंत्री,खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने फूल मालाओं,पुष्प गुच्छों,शाल आदि से स्वागत करवाना बंद करके उसके एवज में बच्चों की शिक्षण सामग्री, गरीबों को कंबल,फल आदि सामग्री से स्वागत कराने की परंपरा की खुरई में आज शुरुआत कर दी जिसके तहत हुए पहले ही आयोजन में स्वागत कर्ताओं की ओर से लगभग 50 हजार की शिक्षण सामग्री,कंबल आदि सामान मंच पर एकत्रित हुआ जिसे उन्होंने स्कूली बच्चों और गरीब महिलाओं के बीच मौके पर ही वितरित कर दिया।
पूर्व गृहमंत्री,खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने यहां आयोजित सांसद खेल महोत्सव के विकासखण्ड खंड स्तरीय समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे,साथ ही उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तथा नगरपालिका सभाकक्ष में पार्षदों की बैठक ली। उनकी ओर से स्वागत परंपरा में उक्त बदलाव की सूचना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में प्रेषित कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी बैठक में पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि मुख्यमंत्री जी का कार्यक्रम 11 बजे आरंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव गल्लामंडी के नजदीक स्थित मैदान में बने हेलीपेड पर उतरेंगे जहां से रैली के रूप में नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड,महाकाली,झंडा चौक होते हुए सभास्थल पहुंचेंगे। नगर के मुख्य मार्गों पर खुरई की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री जी का भव्य और एतिहासिक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने वार्डों में कार्यक्रम की सूचना एवं स्वागत के फ्लेक्स,दीवार लेखन आदि के साथ सभी को स्वागत और सूचित करने का काम प्रारंभ करें।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों से बैठक में कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में चल रहे अपने विभाग से संबंधित ऐसे सभी विकास कार्यों की सूची बना कर एसडीएम मनोज चौरसिया के पास प्रस्तुत करें। जो भी कार्य पूर्णता की ओर हैं उन्हें 15 दिवस के भीतर पूर्ण करते हुए लोकार्पण सूची में शामिल करें। साथ ही जो कार्य स्वीकृत हैं उनकी शासकीय प्रक्रिया पूर्ण करते हुए भूमिपूजन हेतु प्रस्तावित करें। हितग्राही मूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ दिलाने हेतु सूचीबद्ध करें। उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव जी के आगमन का विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आगे से किसी भी सरकारी कार्यक्रम में बाहर से आने वाले मुख्य अतिथियों यथा मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रमों में ही फूल मालाओं,पुष्प गुच्छों आदि का उपयोग किया जाए,मेरे स्वागत के लिए फूलमालाओं,पुष्प गुच्छों,पटाखों आदि के स्थान पर चंदन तिलक से ही स्वागत किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे फिजूलखर्ची रुकेगी और स्वागत में खर्च हो रहे धन का सदुपयोग जनकल्याण में किया जा सकेगा।
बैठकों के पूर्व पं केसी शर्मा स्कूल प्रांगण में आयोजित विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर शामिल होकर कार्यक्रम को संबोधित किया।
