किसानों और शहरवासियों में बढ़ा जैविक सब्जियों की तरफ उत्साह

किसानों और शहरवासियों में बढ़ा जैविक सब्जियों का उत्साह

सागर 07 ज  बीना विकासखंड में निरंतर आयोजित हो रहा साप्ताहिक जैविक हाट बाजार आज सफलता की नई मिसाल बन चुका है। पिछले 6 महीनों से लगातार चल रहे इस बाजार ने किसानों और शहरवासियों दोनों के बीच विशेष पहचान बनाई है। 

शुरुआत में इस जैविक हाट बाजार से केवल 12 किसान जुड़े थे, जो अपनी जैविक सब्जियां और कृषि उत्पाद लेकर आते थे। आज यह संख्या बढ़कर 16 किसानों तक पहुंच गई है। हर रविवार सुबह 7 बजे से बाजार शुरू हो जाता है। गर्मी के मौसम में भी शहरवासी बड़ी उत्सुकता से जैविक सब्जियों की खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। 

बाजार में टमाटर, ककड़ी, गिलकी, लौकी, पालक, पुदीना, धनिया, चुकंदर, नींबू जैसी ताजी जैविक सब्जियों के साथ अंजीर, आम, बेल, पपीता जैसे फल भी उपलब्ध रहते हैं। खास बात यह है कि मात्र दो से तीन घंटों के भीतर किसानों के अधिकांश उत्पाद बिक जाते हैं। 

जैविक हाट बाजार से जुड़े किसानों का कहना है कि अब उनकी आय में वृद्धि हो रही है और लोगों का भरोसा भी जैविक खेती की ओर बढ़ा है। वहीं शहरवासियों का कहना है कि इस बाजार से उन्हें ताजी, सुरक्षित और रसायन मुक्त सब्जियां मिल रही हैं, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ हो रहा है। कई लोगों ने इच्छा जताई कि ऐसा जैविक बाजार प्रतिदिन लगे ताकि उन्हें रोज ताजी जैविक सब्जियां मिल सकें। 

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय ने बताया कि किसानों में धीरे-धीरे जैविक खेती के प्रति रुचि बढ़ रही है और बीना शहर के लोग भी इस हाट बाजार का बेसब्री से इंतजार करते हैं। यह बाजार न केवल किसानों की आय बढ़ा रहा है, बल्कि स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल साबित हो रहा है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *