ग्राम जमुनिया गोंड में सुपर सीडर से हो रहा पराली प्रबंधन

ग्राम जमुनिया गोंड में सुपर सीडर से हो रहा पराली प्रबंधन, प्रगतिशील कृषक ओम रोहन बने मिसाल

सागर. जैसीनगर विकासखंड के ग्राम जमुनिया गोंड में प्रगतिशील कृषक ओम रोहन द्वारा सुपर सीडर मशीन का उपयोग कर उन्नत खेती की जा रही है। इस आधुनिक तकनीक से पराली प्रबंधन का कार्य आसानी से किया जा रहा है, साथ ही कम लागत में अगली फसल की बुवाई भी हो रही है। फील्ड भ्रमण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह एवं ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर शैलेष पाण्डेय द्वारा खेत का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुपर सीडर से हो रहे कार्य को देखा और किसान के प्रयासों की सराहना की। पहले किसान पराली जलाने को मजबूर होते थे, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति नष्ट होती थी और पर्यावरण भी प्रदूषित होता था। लेकिन सुपर सीडर मशीन से अब पराली को खेत में ही मिलाया जा रहा है। यह पराली सड़कर खेत में ही जैविक खाद का काम करती है, जिससे मृदा स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और खाद पर होने वाला खर्च भी कम हो रहा है। सुपर सीडर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक ही बार में जुताई, पराली प्रबंधन और बुवाई तीनों काम कर देता है। इससे समय, डीजल और मजदूरी की बचत होती है। किसान ओम रोहन जी का कहना है कि इस मशीन से खेती करना न केवल आसान हुआ है, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि हो रही है। अधिकारियों ने गांव के अन्य किसानों को भी पराली न जलाने और सुपर सीडर जैसी आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *