
सुरेन्द्र जैन मालथौन। मंगलवार को सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में उस समय भावुक कर देने वाला नजारा सामने आया, जब एक बेबस पीड़ित फूट-फूटकर रोने लगा। पीड़ित ने रोते हुए अपनी लाचारी बयां की और कहा, “इस दुनिया में गरीब और निर्धन का कोई नहीं है।” कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनसुनवाई में अवैध टोल बूथ और गुमशुदगी से जुड़े मामले की शिकायत की गई।
दुर्घटना के बाद बेबस हुआ जवाहर सिंह, नहीं हुई पुलिस कार्रवाई –
खिरिया निवासी पीड़ित जवाहर सिंह बाइक सड़क दुर्घटना के बाद से चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गया है। वह मजदूरी करने लायक भी नहीं बचा, जिससे उसके सामने अब भूखों मरने की नौबत आ गई है। पीड़ित का आरोप है कि इस मामले में पुलिस विभाग द्वारा कोई सुनवाई या कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उसे कोई आर्थिक या कानूनी मदद नहीं मिल सकी। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को उसकी शिकायत का तुरंत निराकरण करने और सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
आठ महीने से पत्नी लापता, नशे की हालत में युवक करता रहा शोर-शराबा –
जनसुनवाई में एसडीएम कार्यालय परिसर में एक युवक उसकी पत्नी के लापता होने की समस्या को लेकर अपने बुजुर्ग पिता को साथ लेकर पहुंचा। युवक कथित तौर पर नशे में था और पुलिस विभाग के खिलाफ जमकर शोर-शराबा कर रहा था। उसका कहना था कि उसकी पत्नी पिछले 8 महीने से लापता है और पुलिस उसे ढूंढने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने कलेक्टर को आवेदन देकर पत्नी की खोजबीन करने की गुहार लगाई। युवक के हंगामे को देखते हुए पुलिसकर्मी उसे बार-बार बाहर धकेलते नजर आए। युवक अपना नाम लोकपाल सिंह गगऊ ग्राम होने का बात रहा था।
‘सड़क बदहाल तो टैक्स क्यों?’ अवैध टोल प्लाजा बंद करने की मांग –
स्थानीय नागरिक जनविजय पटैरिया व उनके साथयो ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर को एक शिकायती आवेदन सौंपा। युवाओं का आरोप है कि मालथौन-खिमलासा रोड के गडोली में एमपीआरडीसी का अवैध टोल बूथ संचालित हो रहा है। युवाओं ने कहा कि एक तरफ सड़क की हालत बेहद बदतर और जर्जर है, वहीं दूसरी तरफ अवैध रूप से टोल वसूला जा रहा है। उन्होंने इस टोल प्लाजा को तुरंत बंद कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 12 किलो मीटर की दूरी में दो टोल बूथ चल रहे हैं जो नियम विरुद्ध हैं।
समय सीमा में सभी आवेदनों के निपटारे के सख्त निर्देश –
जनसुनवाई में क्षेत्र से आए अनेक आवेदकों ने अपनी समस्याओं को लेकर गुहार लगाई। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सभी आवेदनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने कड़े लहजे में कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और समय सीमा में आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अस्पताल के निरीक्षण में जताई नाराजगी –
जनसुनवाई के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के शौचालयों की टूटी फूटी हालत मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एनआरसी का निरीक्षण किया ,भर्ती बच्चों की संख्या मिलने पर कहा पलंग खाली नहीं रख सकते है उन्होंने हिदायत दी कि पलंग खाली नहीं रखे जाये।
उपज बेचने के एक महीने बाद भी नहीं मिली राशि, भटक रहे किसान
जनसुनवाई में क्षेत्र के अनेक किसान अपनी गंभीर समस्या लेकर पहुंचे। कलेक्टर को सौंपे आवेदन में किसानों ने बताया कि उन्होंने शासन के समर्थन मूल्य केंद्रों पर अपनी गेहूं, चना और मसूर की उपज का विक्रय किया था। उपज बेचे हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन आज तक उनके बैंक खातों में भुगतान की राशि नहीं आई है। किसानों ने कहा कि राशि न मिलने के कारण उन्हें आगामी सीजन की तैयारियों और घरेलू खर्चों के लिए भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया कि नियमानुसार जांच कर किसानों का लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
पत्रकारों द्वारा क्षेत्र में जल संकट की समस्या पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि जल निगम की मालथौन क्षेत्र की मुख्य परियोजना है , बंडा बांध का जलभराव होने के बाद उम्मीद है कि एक अगस्त से जल सप्लाई होने लगेगी। परियोजना का काम तेजी से चल रहा हैं।
