लाखों रुपये मूल्य का गुम बैग पुलिस ने 3 घंटे में खोज निकाला

सीसीटीवी कैमरों और पुलिस कंट्रोल रूम की सतर्कता से महिला का लाखों रुपये मूल्य का गुम हुआ बैग हुआ वापस

3 घंटे की सतत मेहनत, तकनीकी विश्लेषण एवं त्वरित समन्वय से मिली सफलता

पुलिस कंट्रोल रूम सागर की सीसीटीवी टीम ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक महिला का लाखों रुपये मूल्य का गुम हुआ बैग सकुशल वापस दिलाकर जनसेवा, संवेदनशीलता एवं तकनीकी दक्षता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निधि कुर्मी निवासी ग्राम रजवास, तहसील रहली, जिला सागर अपने परिवार के साथ सागर बस स्टैंड जाने के लिए परकोटा स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप एक ऑटो में बैठी थीं। इस दौरान उन्होंने अपना पर्स ऑटो में रख दिया था, जिसमें लगभग ₹54,000 मूल्य की सोने की अंगूठी, ₹46,000 मूल्य के सोने के कान के आभूषण तथा ₹4,000 नगद रखे हुए थे। बच्चों को बैठाने के पश्चात परिवार द्वारा पैदल बस स्टैंड जाने का निर्णय लिया गया और जल्दबाजी में पर्स ऑटो में ही छूट गया। कुछ समय बाद पर्स गुम होने का पता चलने पर महिला द्वारा सहायता के लिए पुलिस से संपर्क किया गया। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा महिला एवं उनके परिजनों को तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम भेजा गया तथा पूरे घटनाक्रम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा को अवगत कराया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभारी पुलिस कंट्रोल रूम उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को उपलब्ध सभी तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए ऑटो एवं गुम हुए पर्स का पता लगाने हेतु निर्देशित किया गया।

निर्देश प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम की सीसीटीवी टीम सक्रिय हो गई। उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान के नेतृत्व में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रूद्रेश एवं आरक्षक नितेश द्वारा शहर के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण प्रारंभ किया गया। लगभग 3 घंटे तक लगातार सैकड़ों कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद संबंधित ऑटो को विभिन्न स्थानों पर चिन्हित किया गया। हालांकि ऑटो का पंजीयन क्रमांक पूर्ण रूप से स्पष्ट नहीं हो सका और केवल अंतिम चार अंक ही दिखाई दिए, फिर भी टीम ने हार नहीं मानी और स्मार्ट सिटी कैमरों सहित अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से वाहन की पहचान के प्रयास जारी रखे।

जब तकनीकी माध्यमों से पूर्ण वाहन नंबर प्राप्त नहीं हो सका, तब पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा ऑटो का फोटो एवं उपलब्ध विवरण विभिन्न पुलिस ग्रुप, मीडिया ग्रुप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का परिणाम यह रहा कि यह सूचना शीघ्र ही संबंधित ऑटो चालक तक पहुंच गई।

रात्रि लगभग 12:00 बजे ऑटो चालक स्वयं पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा और ऑटो में छूटा हुआ बैग पुलिस को सौंप दिया। उस समय तक निधि कुर्मी एवं उनके परिजन भी कंट्रोल रूम में उपस्थित थे। बैग की जांच करने पर उसमें रखी सोने की अंगूठी, सोने के कान के आभूषण एवं नगद राशि सहित समस्त सामग्री सुरक्षित पाई गई, जिसे विधिवत महिला को सुपुर्द किया गया।

अपना खोया हुआ बैग एवं कीमती सामान सुरक्षित वापस प्राप्त कर निधि कुर्मी एवं उनके परिजनों ने सागर पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *