
प
बांदरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : घर में छिपाकर रखी गई 1,000 पाव अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, लाखों रुपये का जखीरा जब्त
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, मुख्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार
सागर | पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर लाखों रुपये का जखीरा जब्त किया है। थाना प्रभारी बांदरी निरीक्षक सुमेर सिंह जगेत को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम झीकनी निवासी चंद्रपाल बुन्देला द्वारा एक काले-स्लेटी रंग की नैक्सोन कार क्रमांक UP94Y6399 से अवैध शराब लाकर अपने घर में छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश की कार्रवाई की गई। पुलिस जब मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची तो चंद्रपाल के घर के सामने उक्त नैक्सोन कार खड़ी मिली। मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। पुलिस द्वारा घर एवं आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। इसी दौरान घर के पीछे स्थित दरवाजे से आरोपी चंद्रपाल अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने घर की सघन तलाशी ली, जिसमें पीछे स्थित कमरे से महरून रंग के 20 कार्टून बरामद हुए। कार्टूनों को खोलकर जांच करने पर उनमें BOMBAY SPECIAL व्हिस्की के कुल 1,000 सीलबंद पाव (180 एमएल प्रत्येक) पाए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा 180 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। सभी शराब की बोतलों पर मध्यप्रदेश आबकारी विभाग के होलोग्राम लगे हुए पाए गए। प्रारंभिक जांच में आरोपी चंद्रपाल बुन्देला एवं वाहन स्वामी द्वारा अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं परिवहन किया जाना पाया गया, जिस पर थाना बांदरी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
