
मालथौन में आंधी का कहर: वार्ड नंबर 1 में मकान का छप्पर उड़ा, बाल-बाल बचा परिवार
सुरेन्द्र जैन मालथौन। नगर में सोमवार सुबह आए अचानक तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के कारण क्षेत्र के कई मकानों के छप्पर उड़ गए। सबसे ज्यादा नुकसान वार्ड नंबर 1 में हुआ, जहां एक गरीब परिवार मलबे के नीचे दबने से बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। धूलभरी तेज आंधी के कारण नगर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान वार्ड नंबर 1 के निवासी रामबाबू यादव अपने परिवार के साथ घर के भीतर बैठे हुए थे। तभी अचानक आए तेज बवंडर से उनके मकान का पूरा छप्पर हवा में उड़ गया।
घर में गिरीं सीमेंट की चद्दरें, मची चीख-पुकार
आंधी का वेग इतना तेज था कि छत पर लगीं सीमेंट की भारी-भरकम चद्दरें टूटकर सीधे घर के अंदर जा गिरीं। चद्दरें गिरते ही घर में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित कोने में दुबक गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग बाल-बाल बच गए।
आर्थिक सहायता की गुहार
इस प्राकृतिक आपदा में रामबाबू यादव का आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घर का सामान भी मलबे और बारिश की भेंट चढ़ गया। पीड़ित परिवार के सामने अब रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। बेघर हुए पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग से तत्काल मौका मुआयना कर उचित मुआवजे व आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
