मकरोनिया के कृष्णानगर में गूंजे कन्हैया के जयकारे, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

मकरोनिया के कृष्णानगर में गूंजे कन्हैया के जयकारे, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
​सागर | मकरोनिया के कृष्णानगर (वार्ड क्रमांक 2) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन कथा स्थल पर भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखा गया। इस विशेष अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही बाल गोपाल का प्राकट्य हुआ, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
​पांचवें दिन की कथा में उमड़ा जनसैलाब
​श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य भरत कृष्ण जी महाराज ने पांचवें दिन की संगीतमय कथा का रसपान कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के आध्यात्मिक रहस्यों और उनकी बाल लीलाओं का दिव्य वर्णन किया। महाराज श्री ने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान भक्तों के उद्धार और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं।
​जीवंत झांकी ने मोहा सबका मन
​जन्मोत्सव के दौरान कथा पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी सजाई गई। वासुदेव जी द्वारा टोकरी में भगवान को लेकर नदी पार करने के दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। ​नंदोत्सव की धूम: बाल कृष्ण के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं पर खिलौने, टॉफियां और माखन-मिश्री का प्रसाद लुटाया गया। भक्तगण भजनों की धुन पर जमकर थिरके और पूरा वातावरण गोकुलधाम जैसा प्रतीत होने लगा। क्षेत्रवासी रहे मौजूद इस धार्मिक आयोजन में वार्ड क्रमांक 2 सहित मकरोनिया क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, माताएं-बहनें और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ पांचवें दिन की कथा का विश्राम हुआ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *