
सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनमुन ढाबा के सामने एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृ’तक की पहचान अमित पटेल पिता तुलाराम पटेल निवासी बारारू के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार अमित गुरुवार को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि मुनमुन ढाबा के सामने एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान अमित पटेल के रूप में की।
परिजनों का आरोप है कि अमित की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है। उनका कहना है कि मृतक के शरीर पर मारपीट के निशान है जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
