
गुरुवार को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नगर पालिका मकरोनिया क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन शबरी सरोवर झील एवं इनडोर स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं भावी उपयोगिता का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं दूरदर्शी विकास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक श्री लारिया ने वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन शबरी सरोवर झील का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि मकरोनिया क्षेत्र के सौंदर्य, पर्यावरण और पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने झील परिसर को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए समग्र सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आने वाले समय में शबरी सरोवर क्षेत्र की एक विशिष्ट पहचान बन सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री लारिया ने पुरानी स्टोन पिचिंग में आवश्यक सुधार करने, निर्माण कार्य में गति लाने तथा झील के दूसरी ओर स्थित मार्ग पर बीटी रोड निर्माण कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना और प्राकृतिक सौंदर्य का समन्वय क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने में सहायक होगा तथा नागरिकों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगा।
इसी क्रम में विधायक श्री लारिया ने वार्ड क्रमांक 4 गंभीरिया स्थित लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन संरचना, आंतरिक कार्यों एवं प्रस्तावित खेल सुविधाओं का अवलोकन करते हुए कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्टेडियम में दो बैडमिंटन कोर्ट, जिम एवं टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जो क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।
विधायक श्री लारिया ने स्टेडियम की छत से अनावश्यक ध्वनि प्रभाव रोकने हेतु उपयुक्त फ्लोरिंग एवं तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि शबरी सरोवर जहां मकरोनिया क्षेत्र को पर्यटन एवं सौंदर्य की नई पहचान देगा, वहीं आधुनिक इनडोर स्टेडियम युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगा। दोनों परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से दीर्घकालिक महत्व रखती हैं और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विधायक श्री लारिया ने मकरोनिया चौराहा, ट्रेंस माल के समीप निर्माणाधीन चौपाटी का भी अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल, सीएमओ पवन कुमार शर्मा, पार्षद बलवंत ठाकुर, राजा रिछारिया, नर्रु ठाकुर, निशांत आठिया, सदर मंडल अध्यक्ष सौरभ केसरवानी, डॉ.परशुराम, बाबूलाल रोहित, भगवानदास मासाब, प्रियंका यादव, उपयंत्री सत्यम देवलिया, वर्षा साहू, सनी जैन सहित संबंधित अधिकारी, ठेकेदार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
