23 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक का राशिफल

23 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।
जय श्री राम
पंडित अनिल पांडे का आप सभी को नमस्कार । पिछले सप्ताह मैंने आपसे वादा किया था कि मैं आगे से आपको प्रतिदिन श्री हनुमान चालीसा के सिद्ध दोहे एवं चौपाइयों के संपुट पाठ से होने वाले लाभ के बारे में बताऊंगा। आज अभी मैं आपको श्री हनुमान चालीसा के द्वितीय दोहे के बारे में बताऊंगा । वीडियो के अंत में आपको श्री हनुमान चालीसा के प्रथम चौपाई के संपुट पाठ से होने वाले लाभ के बारे में आपको अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा ।
श्री हनुमान चालीसा का द्वितीय दोहा है :-
बुद्धिहीन तनु जानिके सुमिरो पवन कुमार।
बल बुद्धि विद्या देहु मोहि हरहु कलेश विकार।।
इस दोहे के संपूर्ण पाठ से बल बुद्धि और विद्या प्राप्त होती है ।
आईये अब इस सप्ताह के ग्रहों की स्थिति के बारे में बात कर लेते हैं।
इस सप्ताह सूर्य,मंगल,बुद्ध, राहु और शुक्र कुंभ राशि में गोचर करेंगे । बुध कुंभ राशि में ही 26 तारीख के 10:09 रात से वक्री हो जाएगा । वक्री गुरु मिथुन राशि में और शनि मीन राशि में विचरण करेंगे । इस प्रकार पांच ग्रहों का कुंभ राशि में इस सप्ताह मिलन होने जा रहा है जो एक अद्भुत संयोग है । इस संयोग के बारे में एक अलग से वीडियो बनाया गया है जिसका लिंक इस वीडियो के डिस्क्रिप्शन बॉक्स में दिया हुआ है ।
आईये अब राशिवार राशिफल की चर्चा करते हैं ।
मेष राशि :-
आपके संतान को लाभ होगा । शत्रुओं को आप प्रयास करने पर पराजित कर सकते हैं । धन लाभ में कमी होगी । आपको अपना व्यवहार इस सप्ताह अपने जीवनसाथी एवं बिजनेस पार्टनर के प्रति ठीक रखना चाहिए । कचहरी के कार्यों में आप सावधान रहें । भाई बहनों के साथ नरम-गरम संबंध बनेंगे । इस सप्ताह आपके लिए 23 और 28 फरवरी तथा 1 मार्च विभिन्न प्रकार के कार्यों को करने के लिए सफलता दायक हैं । सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं । 24 और 25 फरवरी को अगर आप प्रयास करेंगे तो आपको धन की प्राप्ति हो सकती है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन रविवार है ।
वृष राशि:-
आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी । आपको अपने अधिकारियों से व्यवहार कुशलता रखनी चाहिए। आपको अपनी वाणी पर कंट्रोल करना चाहिए अन्यथा कार्यालय में आपकी स्थिति खराब हो सकती है । पिताजी को कष्ट हो सकता है । माता जी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । थोड़ा सा धन आ सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 24 और 25 फरवरी कार्यों में सफलता प्राप्त करने के लिए उपयोगी है । 23 फरवरी को आपको बड़ी सतर्कता के साथ कार्यों को करना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन तांबे के पात्र में जल अक्षत और लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को जल अर्पण करें । सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।
मिथुन राशि:-
आपके पराक्रम में वृद्धि होगी । भाई बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे । भाग्य से आपको कम मदद मिल पाएगी । धर्म के कार्यों में मन नहीं लगेगा । अगर पहले से आपके पेट में कोई परेशानी है तो वह भी दूर हो सकती है । कचहरी के कार्यों में सचेत रहें । भाई बहनों के साथ संबंध ठीक रहेगा । अपने प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहें । इस सप्ताह आपके लिए 26 और 27 फरवरी कार्यों को करने के लिए मददगार है । 24 और 25 फरवरी को आपको सजग रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
कर्क राशि:-
इस सप्ताह आपके पास धन आने की संभावना है । व्यापार के प्रति आपको सजग रहना चाहिए । दुर्घटनाओं के प्रति आपको सचेत रहने की आवश्यकता है । भाग्य से मामूली मदद प्राप्त हो सकती है । भाई बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 23 और 28 फरवरी तथा 1 मार्च कार्यों को करने के लिए लाभदायक है । 26 और 27 फरवरी को आपको अपने कार्यों के प्रति सतर्क रहना चाहिए अन्यथा आपके कार्य नहीं हो पाएंगे । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।
सिंह राशि:-
आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी । व्यापार में लाभ होने की संभावना है । अविवाहित जातकों के लिए अच्छा समय है। युवकों के लिए भी यह समय ठीक है । विवाह के नए-नए संबंध आएंगे । नए-नए प्रेम संबंध बनेंगे । आपके स्वयं का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 24 और 25 फरवरी कार्यों को करने में परिणाम दायक हैं । 28 फरवरी और 1 मार्च को आपको सावधान रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।
कन्या राशि:-
कर्मचारी और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह ठीक-ठाक है । आपके पिताजी और माताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । आप अपने शत्रुओं को थोड़े से प्रयास से इस अवधि में पराजित कर सकते हैं । कचहरी के कार्यों में सावधानी की आवश्यकता है। आपके स्वास्थ्य में समस्या आ सकती है । इस सप्ताह आपके लिए 26 और 27 फरवरी विभिन्न प्रकार के कार्यों को सफलतापूर्वक करने के लिए शुभ है । 23 तारीख को आपको सचेत रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षरी मंत्र का जाप करें । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।
तुला राशि :-
इस सप्ताह आपके पास धन आने की संभावना है । भाग्य से मदद मिल सकती है ,परंतु आपको भाग्य के भरोसे नहीं बैठना चाहिए । अपने परिश्रम पर भाग्य से ज्यादा विश्वास करना चाहिए । आपके संतान को कष्ट हो सकता है । छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ेगी । व्यापार में कमी हो सकती है। कचहरी के कार्यों में कोई भी रिस्क ना लें। इस सप्ताह आपके लिए 23 और 28 फरवरी तथा 1 मार्च कार्यों के करने के प्रति फल दायक हैं । 24 और 25 फरवरी को आपको बड़ी होशियारी के साथ कार्यों को करना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है ।
वृश्चिक राशि:-
कर्मचारी और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह ठीक रहेगा । कार्यालय में उनकी स्थिति ठीक-ठाक रहेगी । जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह सचेत रहने का है । आपकी प्रतिष्ठा में हानि हो सकती है । माता जी को कष्ट हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 24 और 25 तारीख कार्यों को करने के लिए अनुकूल है । 23 , 26 और 27 फरवरी को आपको सावधान रहने की आवश्यकता है । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।
धनु राशि:-
इस सप्ताह आपको भाग्य से लाभ हो सकता है । आपके क्रोध में वृद्धि होगी । कार्यालय में आपको कष्ट हो सकता है।शत्रुओं से सावधान रहना है। अविवाहित जातकों के विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं । इस सप्ताह आपके लिए 26 और 27 फरवरी कार्यों को करने के लिए उचित हैं । सप्ताह के बाकी दिनों में आपको होशियार रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं । सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।
मकर राशि:-
इस सप्ताह आपके साथ कोई दुर्घटना होना संभव नहीं है । अगर दूसरों की गलती से कोई दुर्घटना हो जाती है तो आपको चोट नहीं आएगी । धन आने की संभावना है । परंतु धन प्राप्त करने के लिए बहुत परिश्रम करना पड़ेगा । इस सप्ताह आपके संतान को कष्ट हो सकता है । भाग्य से ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद नहीं है । आपको अपने परिश्रम पर विश्वास करना चाहिए । इस सप्ताह आपके लिए 23 और 28 फरवरी तथा 1 मार्च कार्यों को करने के लिए प्रभावशाली है । युवकों के लिए 28 फरवरी और 1 मार्च को उनके प्रेम संबंधों में भी वृद्धि होगी । 26 और 27 फरवरी को आपको सावधान रहकर कार्यों को करना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें तथा शनिवार को दक्षिण मुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का वाचन करें । सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है ।
कुंभ राशि:-
इससप्ताह आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। माता और पिता जी का स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा । आपके आत्मविश्वास में कमी आएगी । आपका स्वास्थ्य खराब हो सकता है । व्यापारियों का व्यापार ठीक रहेगा । जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह थोड़ा कम ठीक है । उनको सावधान रहना चाहिए । इस सप्ताह आपके लिए 24 और 25 फरवरी कार्यों को करने के लिए फल दायक हैं । 28 फरवरी और 1 मार्च को आपको सावधान रहकर कार्यों को निपटाना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।
मीन राशि :-
इस सप्ताह आप अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकते हैं । कचहरी के कार्यों में सावधानी बरतें । जन प्रतिनिधियों को प्रयास करने पर उनके प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है । माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । आपके भाइयों और आपके जीवनसाथी को कष्ट हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 26 और 27 फरवरी विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए लाभदायक है । 28 फरवरी और 1 मार्च को आपको कोई भी कार्य करने के पहले पूरी सावधानी बरतना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गायत्री मंत्र की तीन माला का जाप करें । सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।
अब मैं आपको श्री हनुमान चालीसा के प्रथम चौपाई ” जय हनुमान ज्ञान गुण सागर ,जय कपीस तिहुं लोक उजागर। “। के संपुट पाठ से होने वाले लाभ के बारे में बताता हूं ।
इस चौपाई के संपट पाठ एवं हनुमत कृपा से ज्ञान,विभिन्न प्रकार के गुण और आत्मिक बल की प्राप्ति होती है।
ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है । अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्वाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए । मां शारदा से प्रार्थना है या आप सदैव स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें।

जय मां शारदा।
निवेदक:-
पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय
सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता
प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया ,
सागर (मध्य प्रदेश) , पिन कोड:-470004
मोबाइल नंबर :-8959594400

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *