
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में नगर निगम सागर को प्रदेश में प्रथम स्थान, 98.32 वेटेज स्कोर के साथ मिला “ए” ग्रेड
सागर | नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप नगर निगम सागर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 98.32 वेटेज स्कोर प्राप्त कर प्रदेश की 16 नगर निगमों में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ नगर निगम सागर को पुनः “ए” ग्रेड प्राप्त हुआ है।
उल्लेखनीय है कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रतिमाह प्रदेश की 16 नगर निगमों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण प्रक्रिया का मूल्यांकन किया जाता है। इस मूल्यांकन में नगर निगम सागर ने नागरिक शिकायतों के त्वरित, संतोषजनक एवं समय-सीमा में निराकरण के आधार पर प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा प्रतिमाह सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने के कारण नगर निगम सागर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का स्थल पर पहुंचकर संतुष्टिपूर्ण समाधान करना ही नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं इंजीनियरों से आगामी समय में भी इसी प्रतिबद्धता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। नगर निगम सागर द्वारा नागरिक सेवाओं में बेहतर कार्यप्रणाली एवं प्रभावी शिकायत निराकरण व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश में अपनी सशक्त पहचान स्थापित की जा रही है।
