
::: प
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सागर नगर पालिक निगम द्वारा लगभग 5 सौ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया
अमृत हरित महाअभियान, अंकुर अभियान और नेशनल क्लीन ऐयर प्रोग्राम के तहत वृहद वृक्षारोपण में बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिक
सागर दिनांक 5 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सागर के संकल्प को साकार करने हेतु शुक्रवार को लगभग 500 पौधों का रोपण अटल पार्क, ट्रैफ़िक पार्क, लोहिया पार्क सहित लेहदरानाका एवं अन्य सुरक्षित स्थलों पर किया। अमृत हरित महाअभियान, अंकुर अभियान और नेशनल क्लीन ऐयर प्रोग्राम जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के तहत हरित क्षेत्र बढ़ाने व पर्यावरण संरक्षण हेतु किये गए इस वृहद वृक्षारोपण में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन,महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी,निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री, पार्षदों सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने सहभागिता कर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पौधरोपण के दौरान आम, नीम, पीपल, सिंदूर, जामुन आदि फलदार पौधों सहित सजावटी पौधे फाइकस आदि का रोपण कर खाद पानी डाला गया।
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी और घटती हरियाली को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण सुधार हेतु माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में “अमृत हरित महाअभियान” की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत, सागर में हरित क्षेत्रों का विस्तार करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस के दिन वृहद वृक्षारोपण किया गया। हम सभी ने पौधारोपण किया और इन पौधों को भविष्य के लिए सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी अमूल्य धरोहर है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से यह वृक्षारोपण वृहद स्तर पर किया गया है। सागर सहित प्रदेश भर में यह अभियान प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है आज सागर में अलग अलग स्थान चयनित कर पौधरोपण किया गया है और इन्हे भविष्य के लिए सुरक्षित रखने हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। निश्चित ही इन प्रयासों से हमारे पर्यावरण में सकारात्मक सुधार देखने मिलेगा।
निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का गहरा संबंध है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया एवं जीवनदायी संसाधन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा वर्षभर विभिन्न स्थलों पर पौधरोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संवर्धन से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाती हैं। आज शासन की मंशानुरूप शहर के विभिन्न स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, रोपित पौधों की सुरक्षा के लिए संभागीय कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया था। अमृत हरित महाअभियान के तहत गहन पौधरोपण हेतु जनभागीदारी पहल शुरू की गई है। इस व्यापक अभियान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘महिलाएं वृक्षों के लिए’ जैसे कार्यक्रम शामिल किये गए हैं। हरित क्षेत्र विकास में महिलाओं की भूमिका सुनिश्चित करने हेतु महिला अमृत मित्रों को पौधों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य महिलाओं को इस कार्य में आगे लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, जल संरक्षण करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, पार्षद श्रीमती संगीता शैलेष जैन, डा.याकृति जड़िया ,मनोज चौरसिया, रुबी कृष्ण कुमार पटेल, सविता जिनेश साहू, रानी अहिरवार, भाजपा पदाधिकारी श्रीमती संध्या भार्गव, जगन्नाथ गुरैया विक्रम सोनी ,मनीष चौबे, अंशुल परिहार उपायुक्त एस एस बघेल,प्रभारी कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, सभी उपयंत्री एवं नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
