
कूडो में एमपी का ऐतिहासिक डंका: 61 गोल्ड समेत 122 पदक जीतकर बना नेशनल चैंपियन
17वीं राष्ट्रीय कूडो स्पर्धा में 10 साल बाद लौटी प्रदेश की बादशाहत; सागर के खिलाड़ियों ने अकेले जीते 35 पदक
सागर | राष्ट्रीय स्तर पर कूडो में मध्य प्रदेश ने नया कीर्तिमान रच दिया है। हाल ही में वीर सावरकर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स अहमदाबाद गुजरात मे संपन्न हुई 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 61 स्वर्ण सहित कुल 122 पदक अपनी झोली में डाले और ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। पूरे एक दशक के लंबे इंतजार के बाद प्रदेश ने यह गौरव दोबारा हासिल किया है।इससे पहले 2016 में मध्यप्रदेश कूडो में नेशनल चैंपियन बना था। भारत मे कूडो के संस्थापक एवं इंडिया के हेड कोच मेहुल वोरा एवं कूडो इंडिया के पदाधिकारियों ने मंच से प्रतियोगिता की विजयी ट्राफी मध्य प्रदेश को प्रदान की। मेहुल वोरा ने कहा की मध्य प्रदेश उत्तरोत्तर राष्ट्रीय एवं अंतर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं मे लगातार प्रगति कर रहा हैं आशा हैं ये कीर्तिमान वो लगातार बनाये रखेंगे।
अंक तालिका में मध्य प्रदेश को शीर्ष स्थान पर पहुंचाने में मध्य प्रदेश मे कूडो के संस्थापक एवं हेड कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान के मार्गदर्शन में तैयार हुए सागर के जांबाज खिलाड़ियों की भूमिका सबसे निर्णायक रही।जिन्होंने अकेले 35 पदक जीतकर प्रदेश की झोली भर दी।
रिंग में सागर का एकतरफा दबदबा, आधे से ज्यादा पदक गोल्ड
देशभर से आए दिग्गज फाइटर्स के बीच मध्य प्रदेश के दल की श्रेष्ठता इस बात से साबित होती है कि टीम ने कुल 122 पदकों में से आधे (61) सिर्फ स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अतिरिक्त 27 रजत और 34 कांस्य पदक भी प्रदेश के खाते में आए। इस महाकुंभ में सागर के खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, सटीक पंच, किक और बेहतरीन तकनीक से विरोधियों को पस्त करते हुए 17 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य पदक अपने नाम किए। विभिन्न आयु और वजन वर्गों में उतरे सागर के फाइटर्स ने हर राउंड में अपना लोहा मनवाया।
नन्हे चैंपियंस का कमाल: 4 साल की अनवी और 5 साल के दैविक बने सबसे छोटे मेडलिस्ट
जहां सीनियर वर्ग में अनुभवी खिलाड़ियों ने अपने दांव-पेंच दिखाए, वहीं सागर के दो नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी मासूम उम्र में बड़ा कारनामा कर पूरे टूर्नामेंट का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 4 साल की अनवी कौरव और 5 साल के दैविक तिवारी इस राष्ट्रीय स्पर्धा में सागर से गये दल के सबसे कम उम्र के पदक विजेता बने। अंडर-5 बालिका वर्ग में उतरी 4 वर्षीय अनवी कौरव ने बिना किसी घबराहट के रिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, अंडर-6 बालक वर्ग में 5 वर्षीय दैविक तिवारी ने रजत पदक अपने नाम कर शहर का मान बढ़ाया।
मेडल टैली एक नजर में:
- मध्य प्रदेश (कुल 122 पदक): 61 स्वर्ण , 27 रजत और 34 कांस्य
- सागर का योगदान (कुल 35 पदक): 17 स्वर्ण , 8 रजत और 10 कांस्य
सागर के पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची: - स्वर्ण पदक- 17: मन्नत शाह, नावेद खान, आर्यन सिंह, सौरभ सिंह, अरकम खान, अबुज़र, शैलेन्द्र सिंह कुर्मी, सोहैल खान, अनवी कौरव, वैशाली झा, मेघा भोजक, धनीशा सोनी, अंशिका तिवारी, शिवाय गिरी गोस्वामी, सफल जैन, कृष और उत्कर्ष पटेल।
- रजत पदक – 8: प्रियंका एक्का, सुरजो विश्वास, उत्कर्ष सेन, दैविक तिवारी, अरहम खान, अभिषेक राठौर, तनिषा राय और अमोघ नेमा।
- कांस्य पदक 10: समृद्धि सुर्यकान्त, दिवी जैन, अभिथा, पराग सर्वते, निशांत अहिरवार, अहतेशाम शहजादी, शान्वी दुबे, सारा अंजुम, दीक्षा सेन और अवन्त्या शर्मा।
अनुशासन और तपस्या से खत्म हुआ 10 साल का सूखा
पिछले दस वर्षों से राष्ट्रीय खिताब से दूर रहे मध्य प्रदेश के लिए यह वापसी बेहद ऐतिहासिक है। मध्य प्रदेश कूडो के हेड कोच प डॉ. मोहम्मद एजाज खान ने इस सफलता का श्रेय सागर के कूडो खिलाड़ियों एवं कूडो प्रशिक्षको हरिकांत तिवारी, शुभम राठौर, मेघा भोजक की महीनों की कड़ी तपस्या, कड़े अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अनवी और दैविक जैसे बच्चों का राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना सागर के उज्ज्वल खेल भविष्य का संकेत है।
शहर में जश्न का माहौल, भव्य स्वागत की तैयारी
मध्य प्रदेश के ओवरऑल चैंपियन बनने और सागर के खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन की खबर मिलते ही स्थानीय खेल जगत और शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने प्रशिक्षक डॉ. एजाज खान व सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।
