
विश्वविद्यालय: वृक्षों से स्नेह करें और उनका ख्याल रखें- कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर
सागर. डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के क्रम में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत विश्वविद्यालय के वैली केम्पस स्थित स्वदेशी भवन, नैनो टेक्नोलॉजी भवन एवं कौटिल्य भवन परिसर से की गई. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ हुआ. कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर एवं कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय ने वृक्षारोपण किया. कुलपति ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्य एक वृक्ष अपनी माँ के नाम अवश्य लगाएं और साथ ही उन वृक्षों से माँ जैसा स्नेह करें और उनकी सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखें. पर्यावरण सुरक्षा हम सभी का दायित्व है और यह तभी संभव हैं जब हम वृक्षों का संरक्षण करेंगे. यदि हम उनकी रक्षा करेंगे तभी हम सबका अस्तित्व बना रहेगा. हमारा विश्वविद्यालय परिसर हरियाली में समृद्ध है लेकिन हम सब मिलकर इसे और अधिक हरा-भरा और प्रदूषण रहित बनाएं. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के यंत्री श्री राहुल गिरी गोश्वामी, सुहेल कुरैशी, सुरेन्द्र सोनी, राजेश श्रीवास्तव सहित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
