

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शपथ एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन
पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्र एवं छात्रा इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शपथ एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जन-जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में कन्या महाविद्यालय, सागर से उपस्थित रहीं डॉ. स्वर्णलता तिवारी ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं जैसे कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह एवं डॉ. अभिलाषा जैन ने विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। खेल प्रभारी श्री सुरेन्द्र यादव तथा गणित विभाग के डॉ. संजय कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
