
निगमायुक्त ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण, खुले में कचड़ा एवं सी एंड डी वेस्ट डालकर शहर की स्वच्छता को प्रभावित करने वाले दुकानदारों पर की चालानी कार्रवाई की गई
सागर / स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में नगर निगम सागर को देश के अग्रणी शहरों में शामिल कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता बनाए रखने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। साथ ही नागरिकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं कालोनाइजरों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की जा रही है।
इसके बावजूद कुछ दुकानदार एवं नागरिक खुले में कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शुक्रवार को नगर निगम की टीम के साथ राजघाट चौराहा का निरीक्षण किया । इस दौरान चौरसिया पान भंडार एवं फल फ्रूट विक्रेता द्वारा गंदगी फैलाने पर 500-500/- रुपए, सुरेन्द्र कुर्मी द्वारा सी एंड डी वेस्ट सड़क पर डालने पर 300/- रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान राजघाट चौराहा पर सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने व सफाई दरोगा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कटरा बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान वन टू कलेक्शन द्वारा सड़क पर खुले में कचरा डालते हुए स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर 2500/- रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उसे भविष्य में दुकान का कचरा डस्टबिन में एकत्रित कर नगर निगम की कचरा गाड़ी को ही देने की सख्त हिदायत दी गई।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा है कि नगर निगम द्वारा प्रतिदिन सुबह एवं रात्रि पाली में शहर की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने तथा कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले में कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों एवं दुकानदारों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
निगम आयुक्त ने शहरवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, दुकान एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करे। उन्होंने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने यहां आने वाले ग्राहकों एवं नागरिकों को स्वच्छता फीडबैक देने के लिए प्रेरित करें, ताकि सागर शहर इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त कर सके।
